भारत में लोकतंत्र का उत्सव शुरू होने वाला है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और असम में 2026 के विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। ये ब्लॉग लेख आपको चुनाव आयोग के हर उस नियम से अवगत कराएगा जो एक नागरिक के तौर पर आपके लिए ज़रूरी है।
चुनाव आयोग की संवैधानिक शक्ति (Article 324)
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 324 हमारे लोकतंत्र की रीढ़ है। यह अनुच्छेद भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India -ECI) को वह शक्ति देता है जिसके बिना निष्पक्ष चुनाव की कल्पना करना भी मुश्किल है।
निर्वाचन आयोग की स्थापना और उत्तरदायित्व
अनुच्छेद 324 स्पष्ट रूप से कहता है कि संसद, राज्य विधानसभा, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के पदों के लिए होने वाले सभी चुनावों का अधीक्षण (Superintendence), निर्देशक (Direction) और नियंत्रण (Control) निर्वाचन आयोग में निहित होगा। इसका मतलब है कि चुनाव आयोग की तारीखों के निर्धारित होने से लेकर परिणाम घोषित होने तक, पूरी मशीनरी चुनाव आयोग के आदेशों के अधीन होगी।
चुनाव आयोग की संरचना (Composition)
संविधान के अनुसार, आयोग में एक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) और उतने अन्य निर्वाचन आयुक्त होंगे जितने राष्ट्रपति समय समय पर नियुक्त करें।
- नियुक्ति: इसकी नियुक्ति भारत के राष्ट्रपति द्वारा की जाती है।
- बहु सदस्यीय निकाय: वर्तमान में चुनाव आयोग एक तीन सदस्यीय निकाय है, जिसमें एक मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य चुनाव आयुक्त होते है।
चुनाव आयोग की स्वायत्तता (Indeendence)
2026 के चुनावों के संदर्भ में यह समझना आवश्यक है कि चुनाव आयोग किसी सरकार के अधीन नहीं है। अनुच्छेद 324(5) के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त को उसके पद से केवल उसी रीति से हटाया जा सकता है, जैसे उच्चतम न्यायालय (Supreme court) के न्यायाधीश को हटाया जाता है (यानी महाभियोग जैसी प्रक्रिया)। यह प्रावधान सुनिश्चित करता है कि बिना किसी राजनीतिक दबाव के काम कर सके।
अनुच्छेद 324 के तहत आयोग के मुख्य कार्य:
- निर्वाचन नामावली (Voter list) तैयार करना: यह सुनिश्चित करना कि हर पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में हो और अवैध वोटर्स को लिस्ट से हटाना ही चुनाव आयोग का कार्य है।
- चुनावों को संचालन करना: मतदान केंद्रों की स्थापना, EVM और VVPAT का प्रबंधन।
- राजनीतिक दलों को मान्यता: दलों को चुनाव चिन्ह (Symbols) आवंटित करना और विवाद की स्थिति में न्यायिक निर्णय लेना।
- आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू करना: यह अनुच्छेद 324 ही है जो आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन पर उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोकने या प्रचार पर प्रतिबंध लगाने की शक्ति देता है।
सुप्रीम कोर्ट का नजरिया: MS gill VS चुनाव आयोग के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने व्याख्या की की अनुच्छेद 324 चुनाव आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अवशिष्ट शक्तियां (Residuary Powers) देता है।
आदर्श आचार संहिता क्या हैं? नियम प्रभाव और उल्लंघन की सजा
जब भी विधानसभा और लोकसभा चुनाव की बात होती है, तो सबसे पहले 'आचार संहिता' (model code of conduct) का जिक्र आता है। यह निर्वाचन आयोग द्वारा राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के मार्गदर्शक के लिए बनाए गए नियम है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से हो।
आचार संहिता कब और कब तक लागू रहती है?
आदर्श आचार संहिता उस समय लागू होती है जब चुनाव आयोग (Election Commission) चुनावों की तारीख घोषित करता है। यह पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान लागू रहती है और चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही समाप्त होती है। 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए, जैसे ही अधिसूचना (Notification) जारी हुई, संबंधित राज्यों में लागू मान ली गई।
सरकार और सत्ताधारी दल (Ruling Party) के लिए मुख्य प्रतिबंध
आचार संहिता का सबसे बड़ा प्रहार सत्ताधारी दल पर होता है ताकि वे सरकारी मशीनरी का गलत उपयोग अपने फायदे के लिए ना कर सके:
- नई योजनाओं की घोषणा पर रोक: सरकार चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की नई परियोजना, सड़क निर्माण या वित्तीय अनुदान (Grants) की घोषणा नहीं कर सकती है जो मतदाताओं को लुभा कर अपने पक्ष में कर सके।
- सरकारी मशीनरी का उपयोग: मंत्री अपनी आधिकारिक यात्राओं को चुनाव प्रचार के साथ नहीं जोड़ सकते। सरकारी विमानों, गाड़ियों और कर्मचारियों का उपयोग चुनाव कार्यों के लिए पूरी तरह वर्जित है।
- विज्ञापन पर प्रतिबंध: सरकारी खजाने से ऐसे विज्ञापन नहीं दिए जा सकते जिनमें सरकार की उपलब्धियों का बखान हो और जो मतदाताओं को प्रभावित करें।
उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के लिए आचरण के नियम
- धार्मिक और जातीय अपील: कोई भी दल या उम्मीदवार धर्म, जाति या संप्रदाय के आधार पर वोट नहीं मांग सकता है। मस्ज़िदों, चर्चों, मंदिरों या अन्य धार्मिक स्थलों का उपयोग चुनाव प्रचार के मंच के रूप में करना सख्त मना है।
- भड़काऊ भाषण (Hate Speech): सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने वाले या नफरत फैलाने वाले भाषणों पर चुनाव आयोग तुरंत प्रतिबंध लगा सकता है।
- निजी जीवन पर प्रहार: आलोचना केवल विपक्षी दलों की नीतियों, कार्यक्रमों और पिछले कार्यों तक सीमित होनी चाहिए। किसी भी नेता के जीवन या चरित्र पर टिप्पणी करना आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है।
मतदान के दिन के लिए विशेष नियम
- शराब और प्रलोभन: मतदान के 48 घंटे पहले शराब की बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध होता है। मतदाताओं को पैसे या उपहार देना एक दंडनीय अपराध है।
- मतदान केंद्र की सीमा: पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में प्रचार करना या लाउडस्पीकर का उपयोग करना वर्जित है।
आचार संहिता के उल्लंघन पर क्या होता है?
यद्यपि आचार संहिता स्वयं के कोई कानूनी वैधानिक दस्तावेज़ नहीं है, लेकिन इसके उल्लंघन पर चुनाव आयोग निम्नलिखित कार्रवाई कर सकता है:
- उम्मीदवार के चुनाव पर 24 से 72 घंटे तक प्रतिबंध (Ban) लगाना
- गंभीर मामलों में उम्मीदवार का नामांकन रद्द (Disqualification) करना
- आचार संहिता के कई नियम भारतीय न्याय संहिता (BNS) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अंतर्गत आते है, जिसके तहत जेल की सजा भी हो सकती है।
उम्मीदवारों के लिए योग्यता और सख्त निर्देश
आपराधिक रिकॉर्ड का सार्वजनिक प्रकटीकरण (Criminal Disclosure):
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, यदि किसी उम्मीदवार पर कोई आपराधिक मामला लंबित है, तो उसे चुनाव प्रचार के दौरान कम से कम तीन बार समाचार पत्रों और टीवी चैनलों पर इसका विज्ञापन देना होगा। साथ ही, राजनीतिक दल को यह भी बताना होगा कि उन्होंने एक आपराधिक छवि वाले व्यक्ति को टिकट क्यों दिया।
सोशल मीडिया और डिजिटल डिक्लेरेशन:
उम्मीदवारों को अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल (Facebook, X, Instagram) की जानकारी नामांकन के समय देनी होगी। उनके द्वारा किया गया कोई भी ऑनलाइन पोस्ट 'चुनावी खर्च' में गिना जाएगा।
पवित्रता और मर्यादा:
प्रचार के दौरान मंदिर, मस्जिद या चर्च जैसे धार्मिक स्थलों का उपयोग वोट मांगने के लिए करना 'भ्रष्ट आचरण' (Corrupt Practice) माना जाएगा, जिससे उम्मीदवार का नामांकन रद्द हो सकता है।
चुनावी खर्च की सीमा (Election Expenditure Limit)
2026 के चुनावों में महंगाई दर को देखते हुए चुनाव आयोग ने खर्च की सीमा में संशोधन किया है:
बड़े राज्यों के लिए: विधानसभा चुनाव में एक उम्मीदवार अधिकतम ₹40 लाख तक खर्च कर सकता है (जैसे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल)।
छोटे राज्यों के लिए: गोवा, सिक्किम जैसे छोटे राज्यों में यह सीमा ₹28 लाख तय की गई है।
खर्च के अंतर्गत क्या-क्या आता है?
रैलियां और जनसभाएं: टेंट, लाउडस्पीकर, कुर्सियां और मंच का किराया।
मीडिया विज्ञापन: अखबार, रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को दिया गया भुगतान।
कार्यकर्ता और वाहन: चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों का ईंधन और ड्राइवरों का भत्ता।
निगरानी तंत्र (Monitoring Mechanism)
प्रत्येक उम्मीदवार को चुनाव के लिए एक अलग बैंक खाता खोलना अनिवार्य है। चुनाव खत्म होने के 30 दिनों के भीतर उम्मीदवार को अपने खर्चों का पूरा विवरण 'डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर' (DEO) को देना होता है।
यदि कोई उम्मीदवार गलत जानकारी देता है या तय सीमा से अधिक खर्च करता है, तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 10A के तहत उसे 3 साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य (Disqualify) घोषित किया जा सकता है।
आम नागरिक के अधिकार और cVigil App: आपकी एक रिपोर्ट और 100 मिनट में एक्शन
लोकतंत्र में असली ताकत जनता के पास होती है, लेकिन अक्सर चुनाव के दौरान होने वाली धांधलियों (जैसे पैसे बांटना या डराना-धमकाना) को देखकर आम नागरिक असहाय महसूस करता है। 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने तकनीक के माध्यम से जनता को 'डिजिटल वॉचडॉग' बना दिया है।
cVigil App क्या है? (The Power in Your Pocket)
cVigil (Citizen Vigilance) चुनाव आयोग का एक क्रांतिकारी मोबाइल ऐप है। इसके जरिए कोई भी नागरिक चुनाव आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन की रिपोर्ट सीधे चुनाव आयोग को कर सकता है।
रियल-टाइम रिपोर्टिंग: यदि आप कहीं शराब बंटते हुए, पैसे का लालच देते हुए या भड़काऊ पोस्टर देखते हैं, तो आप उसका फोटो या 2 मिनट का वीडियो ऐप पर अपलोड कर सकते हैं।
लोकेशन ट्रैकिंग: ऐप ऑटोमैटिक तरीके से आपकी GPS लोकेशन ले लेता है, जिससे फ्लाइंग स्क्वाड (Flying Squad) को घटना स्थल पर पहुँचने में आसानी होती है।
गोपनीयता (Anonymity): आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है। आपको अपना नाम या नंबर देने की जरूरत नहीं है।
'100 मिनट' का जादुई फॉर्मूला
चुनाव आयोग ने वादा किया है कि cVigil पर शिकायत होने के बाद:
15 मिनट के भीतर शिकायत संबंधित टीम को भेजी जाती है।
30 मिनट के भीतर फील्ड यूनिट मौके पर पहुँचती है।
100 मिनट के भीतर जांच पूरी कर उस पर ठोस कार्रवाई की जाती है।
मतदाता के रूप में आपके अन्य अधिकार
राइट टू नो (Right to Know): आपको अपने उम्मीदवार के आपराधिक रिकॉर्ड, शिक्षा और संपत्ति (Assets) के बारे में जानने का पूरा अधिकार है। यह जानकारी आप 'KYC' (Know Your Candidate) ऐप पर देख सकते हैं।
नोट (NOTA): यदि आपको कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं है, तो आप 'None of the Above' (NOTA) का बटन दबाकर अपना विरोध दर्ज कर सकते हैं।
वोटर हेल्पलाइन: किसी भी समस्या के लिए आप 1950 टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
क्या न करें? (Don'ts for Citizens)
किसी भी राजनीतिक दल से उपहार, कैश या कूपन स्वीकार न करें; यह भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध है।
सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि किए किसी भी भ्रामक चुनावी खबर (Fake News) को शेयर न करें।
निष्कर्ष (Conclusion)
2026 के विधानसभा चुनाव केवल नेताओं की हार-जीत का फैसला नहीं करेंगे, बल्कि यह हमारे संविधान और चुनाव आयोग की मजबूती का भी इम्तिहान हैं। एक जागरूक नागरिक के तौर पर Article 324 और आचार संहिता की जानकारी होना आपका सबसे बड़ा हथियार है।
PolityPulse.in का उद्देश्य आपको ऐसे ही संवैधानिक अधिकारों से रूबरू कराना है। इस जानकारी को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें ताकि एक स्वच्छ और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।
Read more: सम्मान के साथ विदाई: भारत में 'इच्छा मृत्यु' पर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

0 टिप्पणियाँ